
झोलाछापों पर शिकंजा कसने की तैयारी, अब पुलिस के साथ होगी बड़ी कार्रवाई!
कोटा ब्लॉक में लगातार छापों से मचा हड़कंप, BMO निखिलेश गुप्ता बोले— “अवैध क्लिनिक किसी भी कीमत पर नहीं चलने देंगे, पुलिस बल मांगा है”
कोटा। कोटा विकासखंड में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध क्लिनिक संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग अब इस अभियान को और तेज करने की तैयारी में है। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिलेश गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति मरीजों का इलाज करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई किसी भी हाल में नहीं रुकेगी।
उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर कार्रवाई के दौरान विरोध और कानून-व्यवस्था की स्थिति बनने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए पुलिस विभाग से पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है, ताकि संयुक्त टीम पूरी सुरक्षा के साथ छापेमार कार्रवाई कर सके।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि कोटा ब्लॉक के बेलगहना क्षेत्र सहित कई जगहों पर अब तक लगातार छापेमार कार्रवाई की गई है, जिसमें अवैध रूप से संचालित क्लिनिकों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की गई। उन्होंने दो टूक कहा कि ग्रामीणों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बिना मान्यता और बिना पंजीकरण के संचालित क्लिनिक लोगों के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा हैं। ऐसे मामलों की लगातार शिकायतें मिल रही हैं, जिन पर विभाग गंभीरता से कार्रवाई कर रहा है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस बल मिलने के बाद आने वाले दिनों में कोटा ब्लॉक के कई अन्य क्षेत्रों में भी बड़े स्तर पर छापेमार अभियान चलाया जा सकता है, जिससे अवैध क्लिनिक संचालकों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।







