
23 लीटर महुआ शराब और 105 किलो लाहन जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार; कोटा वृत्त में लगातार जारी है अभियान
कोटा/बिलासपुर:— अवैध महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटा वृत्त के करवा (टेंगनमाड़ा) और सलका गांव में छापेमारी कर 23 लीटर महुआ शराब एवं 105 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क/च), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार करवा (टेंगनमाड़ा) में आरोपी टेकचंद बंजारे (34 वर्ष), पिता देव कुमार बंजारे के कब्जे से 8.5 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। वहीं सलका (कोटा) में टीकेन्द्र टंडन (40 वर्ष), पिता पटवारी टंडन के पास से 14.5 लीटर महुआ शराब एवं 105 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व आबकारी उपनिरीक्षक भूपेन्द्र जामड़े ने किया। अभियान में आबकारी मुख्य आरक्षक कमलेश जयशंकर एवं राजेश यादव, आबकारी आरक्षक नीलेश वानी और मुन्नी देवांगन सहित वाहन चालक जितेन्द्र शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप
कोटा वृत्त में पिछले कुछ दिनों के भीतर आबकारी विभाग ने कई बड़ी कार्रवाई करते हुए—
सांधीपारा (रतनपुर) से 10 लीटर महुआ शराब जब्त कर श्रवण कुमार पर कार्रवाई की।
करवा (टेंगनमाड़ा) में अनिता बाई के कब्जे से 60 लीटर महुआ शराब एवं 600 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया।
आमागोहन (बेलगहना) में बसोरी लाल चौधरी से 30 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।
इन लगातार हो रही कार्रवाइयों से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। आबकारी विभाग का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।








