
पोड़ी उपरोड़ा/जटगा::—-शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जटगा में 15 अगस्त को 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। शाला परिसर में संस्था की प्राचार्य श्रीमती तारा सिंह द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई।
प्रातःकाल विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता में उत्साहपूर्वक प्रभात फेरी निकाली गई,

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भूतपूर्व सरपंच हेमंत तथा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत जटगा की सरपंच श्रीमती अविंदा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती तारा सिंह ने की। विशिष्ट अतिथियों में नवीन महाविद्यालय जटगा के प्राचार्य मनहरण अनंत, सेवानिवृत्त व्याख्याता रमेश शुक्ला, सांसद प्रतिनिधि घुरविंद दास, श्री नंदकुमार यादव एवं नवीन मित्तल की गरिमामय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य श्रीमती तारा सिंह ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए विद्यालय का वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन पटल पर रखा। इसके पश्चात मुख्य अतिथि श्री हेमंत, अति विशिष्ट अतिथि श्रीमती अविंदा एवं सांसद प्रतिनिधि श्री घुरविंद दास ने अपने उद्बोधन में छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए प्रेरणादायी आशीर्वचन प्रदान किया।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम और भाषण प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर विद्यालयीन व्यवस्था संचालन हेतु नवगठित छात्र परिषद के 15 पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
साथ ही विगत शैक्षणिक सत्र की बोर्ड एवं वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया,
जिसमें कक्षा 12वीं से ओम शंकर (प्रथम स्थान) व शांति (द्वितीय स्थान), कक्षा 10वीं से खुशबू (प्रथम स्थान) व रामनाथ (द्वितीय स्थान) तथा कक्षा 8वीं से भुवनेश्वर (प्रथम स्थान) व वंशराज (द्वितीय स्थान) शामिल हैं।

स्वतंत्रता दिवस के इस संपूर्ण गरिमापूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन निशा तिवारी एवं भवानी गोपाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक आभार प्रदर्शन विद्यालय के व्यायाम शिक्षक एम. आलम द्वारा किया गया तथा अंत में मिष्ठान वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ।








