ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
बिलासपुर:— सिटी कोतवाली पुलिस ने शराब पीने के लिए पैसे मांगने, इनकार करने पर तलवार और लोहे की रॉड से धमकाने तथा कार में तोड़फोड़ करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार तलवार, लोहे की रॉड और ब्लेड बरामद किया है। आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 14 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे राहुल गुप्ता अपने भाई के साथ कश्यप कॉलोनी स्थित बरसैया ट्रेडर्स में मौजूद था। इसी दौरान आरोपी अनुराग कश्यप (22) शराब के नशे में लोहे की रॉड लेकर दुकान में घुस आया और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगा। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी।
कुछ देर बाद आरोपी अपने घर से तलवार और लोहे की रॉड लेकर दोबारा दुकान पहुंचा और पैसे मांगने लगा। इनकार करने पर उसने दुकान के बाहर खड़ी कार क्रमांक CG 10 BS 8468 में तोड़फोड़ कर दी। आरोपी ने अपने पास रखे ब्लेड से खुद को भी चोट पहुंचाने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोगों के पहुंचने पर वह मौके से फरार हो गया।
प्रार्थी की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर तलवार, लोहे की रॉड और ब्लेड बरामद किए गए। मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।









