
बिलासपुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित चेतना हाल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान बिलासपुर पुलिस के उत्कृष्ट एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती वंदना सिंह के साथ 83 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मानित पुलिसकर्मियों ने एयरपोर्ट सुरक्षा, न्यायालयीन कार्य, अपराधों के निराकरण, NDPS मामलों की विवेचना, डायल-112, CCTNS, VIP सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, बीट सिस्टम, आसूचना संकलन और गंभीर अपराधों के आरोपियों की गिरफ्तारी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिसकर्मियों की मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि उनके बेहतर कार्यों से बिलासपुर पुलिस की प्रतिष्ठा बढ़ती है और “आप लोगों के बेहतर कार्य करने से मेरी वर्दी की शान और बढ़ती है।”
समारोह में पुलिस परिवार के सदस्यों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। एसएसपी रजनेश सिंह ने भी गीत गायन में सहभागिता कर पुलिस परिवार के साथ आत्मीयता साझा की।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने पुलिस परिवार को बिलासपुर पुलिस का अभिन्न अंग बताते हुए उनके सहयोग और योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारी-कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
देशभक्ति, सम्मान और उत्साह से सराबोर इस आयोजन ने बिलासपुर पुलिस परिवार के बीच कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।

स्वतंत्रता दिवस पर बिलासपुर पुलिस के 83 अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान">







