
बिलासपुर /मस्तूरी पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 1.86 लाख रुपये का मशरूका बरामद
बिलासपुर/मस्तूरी;— जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मस्तूरी पुलिस ने अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का परिवहन करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 33 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 6,400 रुपये, तथा R15 मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये है, जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत 1 लाख 86 हजार 400 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मस्तूरी निरीक्षक सलीम खाखा को 15 अगस्त 2026 को मुखबिर से अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली।
सूचना पर मस्तूरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल बंजारे, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम नागरडीह, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सफेद-नीले रंग की प्लास्टिक बोरी में पारदर्शी पॉलिथीन के 11 पैकेट मिले, जिनमें प्रत्येक पैकेट में 3 लीटर के हिसाब से कुल 33 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी द्वारा शराब को ग्राम नागरडीह से ग्राम जोरवा होते हुए मस्तूरी की ओर ले जाना बताया गया। पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।









