
सी.एम. दुबे पीजी कॉलेज में साइबर जागृति अभियान, सैकड़ों विद्यार्थियों ने ली साइबर सुरक्षा की शपथ
बिलासपुर:— बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत मंगलवार को सी.एम. दुबे पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए साइबर अपराध और डिजिटल सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में उमनि/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में इंटरनेट और मोबाइल हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन इसके साथ साइबर अपराध का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में हर व्यक्ति का जागरूक और सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
एसएसपी ने विद्यार्थियों को OTP फ्रॉड, UPI फ्रॉड, फर्जी लिंक, APK फाइल, सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, साइबर ब्लैकमेलिंग और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति से OTP, PIN, पासवर्ड, CVV या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध लिंक और APK फाइल को भी बिना जांचे डाउनलोड नहीं करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करने की अपील की।
इस दौरान विद्यार्थियों से जागरूकता सेल्फी लेकर व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम स्टेटस के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश प्रसारित करने की अपील की गई। अभियान में सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी हासिल की।
कार्यक्रम में जिलाधीश डॉ. संजय अग्रवाल, उमनि/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे, महाविद्यालय के चेयरमैन संजय दुबे, प्राचार्य, प्राध्यापकगण, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
सतर्क रहें, जागरूक रहें — बिलासपुर पुलिस।






