
बिलासपुर:— तारबाहर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर पड़ोसी से गाली-गलौज और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने निगरानी बदमाश किशन आडिल और उसकी पत्नी रानी आडिल को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को दोपहर करीब 2:30 बजे महिला अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान पड़ोसी किशन आडिल शराब के नशे में उसके घर पहुंचा और अश्लील गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। महिला ने अपने पति को फोन कर घटना की जानकारी दी।
कुछ देर बाद महिला का पति घर पहुंचा और किशन आडिल से घर आकर गाली-गलौज करने का कारण पूछा। आरोप है कि इसके बाद किशन ने उसके साथ भी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची महिला के साथ भी किशन की पत्नी रानी आडिल ने गाली-गलौज और मारपीट की।
शिकायत के बाद तारबाहर पुलिस ने मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटना स्थल के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, आरक्षक नुरूल कादिर, राजेश श्रीवास, रूपलाल चंद्रा और भागीरथी गेदले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








