
बिलासपुर:/– लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर परिक्षेत्र के विभागीय और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में पूर्णता विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में सचिव ने अधिकारियों को प्रो-एक्टिव होकर काम करने और प्राक्कलन से लेकर निविदा प्रक्रिया तक सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यपालन अभियंताओं को अपने-अपने जिलों के कलेक्टरों से बेहतर समन्वय रखने को कहा, ताकि निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान हो सके।
सचिव ने मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण और मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ठेकेदारों के कार्यों पर लगातार नजर रखने और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित कराने को कहा। सड़कों और भवनों के निर्माण के हर चरण में गुणवत्ता की जांच करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में बंसल ने निविदा हो चुके नए कार्यों को अक्टूबर तक शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत करने तथा सड़कों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने को कहा।
उन्होंने भू-अर्जन से जुड़े पुराने और नए प्रकरणों में नामांतरण की कार्रवाई एक माह के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए। पूर्ण हो चुके कार्यों को संबंधित विभागों को तत्काल हैंडओवर करने को भी कहा गया।
इसके अलावा विश्रामगृहों और सर्किट हाउसों के बेहतर संचालन, साफ-सफाई और रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया गया। बैठक में लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बिलासपुर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

निर्माण कार्यों में तेजी, गुणवत्ता और समय-सीमा पर PWD सचिव के सख्त निर्देश">






