
बिलासपुर..:–रक्षाबंधन के पर्व को लेकर बिलासपुर पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है। जिला पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने सभी पुलिस अधिकारियों, ट्रैफिक पुलिस और थाना प्रभारियों को त्योहार के दौरान बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
रक्षाबंधन के दिन शहर और जिले के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मौजूदगी रहेगी। पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे, ताकि पर्व के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या अप्रिय स्थिति सामने न आए।
वहीं ट्रैफिक पुलिस लोगों को सुरक्षित यातायात के लिए जागरूक करेगी। वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की जाएगी।
पुलिस के निर्देश के मुताबिक रक्षाबंधन के अवसर पर सामान्य तौर पर चालानी कार्रवाई नहीं की जाएगी। हालांकि सड़क पर स्टंटबाजी या खतरनाक तरीके से वाहन चलाते पकड़े जाने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी और ऐसे मामलों में वाहन जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही लोगों को सुगम और सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रक्षाबंधन का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य सुरक्षा के साथ-साथ लोगों को त्योहार के दौरान बेहतर और सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

रक्षाबंधन पर पुलिस की खास तैयारी, महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा पर रहेगा फोकस">







