
बिलासपुर /मल्हार:— रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर बद्री प्रसाद देवांगन मध्य नगरीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मल्हार की एनएसएस की बहनों ने पुलिस सहायता केंद्र मल्हार पहुंचकर पुलिसकर्मी भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
बहनों ने पुलिसकर्मियों को मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। वहीं पुलिसकर्मियों ने भी बहनों को मिठाई खिलाकर स्नेह और सम्मान व्यक्त किया तथा उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।
इस दौरान एनएसएस की बहनों ने पुलिसकर्मियों को पेन और रुमाल भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी करुणेश कुमार नापित ने कहा कि रक्षाबंधन का यह आयोजन पुलिस और समाज के बीच विश्वास, आत्मीयता और सुरक्षा की भावना को मजबूत करता है।
कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार वैष्णव के आशीर्वाद तथा डॉ. मनोज सिन्हा, डॉ. कांति अंचल और जिला संगठक शीतेश जैन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। बिलासपुर पुलिस ने एनएसएस की बहनों और विद्यालय परिवार की इस आत्मीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पुलिस और समाज के बीच संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रक्षाबंधन पर एनएसएस की बहनों ने पुलिसकर्मी भाइयों को बांधी राखी">







