ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
धक्का-मुक्की के बाद दो युवकों ने किया चाकू से हमला, सिरगिट्टी पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों से सुलझाया हत्याकांड
बिलासपुर:— सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में शराब दुकान के पास हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। धक्का-मुक्की के बाद हुए विवाद में एक युवक के पेट पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद फरार हुए आरोपियों को सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक आरोपी के साथ एक अपचारी बालक को पकड़ा गया है। दोनों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त 2026 की रात करीब 7:30 बजे मृतक राकेश प्रजापति का दोस्त जितेन्द्र साहू उसके घर पहुंचा और घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि वह राकेश के साथ हरदीकला स्थित शराब दुकान गया था। शराब लेने के दौरान राकेश का दो युवकों से धक्का-मुक्की को लेकर विवाद हो गया।
बताया गया कि शराब दुकान के बाहर विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों ने राकेश के साथ मारपीट करते हुए उसके पेट के पास चाकू से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर सिरगिट्टी पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास किए।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने दबिश देकर राजा मनहर (25 वर्ष), निवासी कोरमी मोड़ के पास, थाना सिरगिट्टी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अपचारी बालक द्वारा अपने साथी राजा मनहर के साथ मिलकर राकेश के पेट में चाकू से वार करने की बात सामने आई।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। मामले में अपराध क्रमांक 620/2026, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी एवं अपचारी बालक को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से हत्याकांड का खुलासा
सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की अहम भूमिका रही। पुलिस की त्वरित जांच के चलते वारदात के बाद फरार आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया गया।








