ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
मोडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगाने वालों पर सख्ती, 8 बुलेट सहित 20 वाहन न्यायालय भेजे जाएंगे
बिलासपुर:— शहर की सड़कों पर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालकर लोगों को परेशान करने वाले बाइकर्स पर यातायात पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 8 मोडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट सहित कुल 20 वाहनों पर कार्रवाई की है।
यातायात पुलिस के मुताबिक, शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, बिना नंबर प्लेट, स्टाइलिश नंबर प्लेट और नंबर प्लेट पर टेप लगाने जैसे मामलों में कार्रवाई की गई। सत्यम चौक, अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड, सीएमडी चौक, श्रीकांत वर्मा मार्ग, महिम तिराहा और मैग्नेटो मॉल रोड सहित अन्य स्थानों पर अभियान चलाया गया।
कानफोड़ू आवाज से लोगों को परेशानी, पुलिस की पैनी नजर
पुलिस ने बताया कि मोडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली अचानक तेज आवाज से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है। साथ ही बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों को परेशानी होने के साथ ही आम नागरिकों में डर और असुरक्षा का माहौल भी बनता है। ऐसे वाहन चालकों पर लगातार निगरानी रखकर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
वाहन दुकानों पर भी कार्रवाई की तैयारी
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों के विपरीत मोडिफाइड साइलेंसर बेचने वाले दुकानदारों और एजेंसियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में ऐसे प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई कर नोटिस दिए जा चुके हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानों को सील करने और ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
यह अभियान पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण तथा उप पुलिस अधीक्षक शिवचरण परिहार के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहनों में अनधिकृत मॉडिफिकेशन न कराएं और यातायात नियमों का पालन करें।

बिलासपुर में पटाखे जैसी आवाज वाली बुलेट पर ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा, 20 वाहनों पर कार्रवाई">







