
*गरियाबंद*:- जिले में लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ के हालात का जायजा लेने प्रशासनिक अमला प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचा। राजिम क्षेत्र में विधायक रोहित साहू ने नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, एसडीएम विशाल महाराणा, तहसीलदार डिम्पल ध्रुव, सीएमओ संतोष विश्कर्मा, राजस्व निराक्षक दिलीप बांधे, पटवारी कोमल वर्मा, अजय बघेल प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पार्षदगण आकाश राजपूत, तुषार कदम, बलराम निषाद, भरत यादव,उत्तम निषाद, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि नेहरू साहू, उपाध्यक्ष सतीश यादव, राजू साहू बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और मौके पर पहुंचकर जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति का निरीक्षण किया।
विधायक ने राहत एवं बचाव कार्य के लिए प्रशासन द्वारा की गई वैकल्पिक और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित लोगों तक जरूरत के अनुसार तत्काल सहायता पहुंचाई जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम तैयार रखें। उन्होंने लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील भी की।
इधर, गरियाबंद कलेक्टर रणवीर शर्मा ने मैनपुर क्षेत्र का दौरा कर बारिश और बाढ़ से प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। कलेक्टर पैरी नदी के उद्गम स्थल तक पहुंचे और वहां की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आदिवासी अंचलों में संचालित छात्रावासों का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।कलेक्टर ने अधिकारियों से राहत, बचाव और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फिलहाल जिले में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन प्रशासन की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
विधायक रोहित साहू ने कहा कि राजिम क्षेत्र में 30 साल बाद बाढ़ की ऐसी स्थिति निर्मित हुई है। उन्होंने लोगों से नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और अन्य जोखिम वाले स्थानों से दूर रहने तथा प्रशासन की ओर से जारी अपील और निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासनिक अमला लगातार प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है।









