
*गरियाबंद*:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पितईबंद के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में ‘आंगन मिलन उत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्देश्य पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला-बाल विकास के प्रति परिवार और समाज में जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बूथ अध्यक्ष ओंकार यदु उपस्थित रहे। साथ ही सरपंच गोदावरी बंजारे, रेवती देवांगन एवं आंगन मिलन उत्सव की पर्यवेक्षक नम्रता वर्मा सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए पर्यवेक्षक नम्रता वर्मा ने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव बच्चों और महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी है। कुपोषण को कम करने के लिए केवल सरकारी प्रयास ही नहीं, बल्कि परिवार और समुदाय की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने गर्भवती माताओं तथा बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार लेने की जानकारी दी।
उन्होंने स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक भोजन में शामिल करने की अपील की। मुनगा, मूंगफली, चना, विभिन्न प्रकार की दालें तथा हरी सब्जियों जैसे प्रोटीन एवं पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों के नियमित उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि ओंकार यदु ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसका उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने, मजदूरी के नुकसान की आंशिक भरपाई में आर्थिक सहायता देने तथा मां और बच्चे के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहयोग करना है।
ओंकार यदु ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, इसके लिए जागरूकता जरूरी है। परिवार अपने रोजमर्रा के भोजन में पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करें और बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान दें।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दुर्गा बघेल, गैंदी भारती, नरेश बया, जगदीश यादव, विमला बंजारे, त्रिवेणी निषाद, उमिला निषाद, मनभा बंजारे, जानकी यादव, फुलमती भारती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नन्हे बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और महिलाओं के बीच स्वास्थ्य, पोषण एवं सरकारी योजनाओं को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।

पितईबंद में ‘आंगन मिलन उत्सव’ का आयोजन, ओंकार यदु ने कहा—बच्चों और महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य से बनेगा स्वस्थ समाज">








