
अकीदत के साथ मनाया जाएगा उर्स, देशभर से बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने की उम्मीद
सीपत,,,,,बिलासपुर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल लुतरा शरीफ में शहंशाह-ए-छत्तीसगढ़ हज़रत बाबा सैय्यद इंसान अली शाह रहमतुल्लाहि अलैह का 68वां सालाना उर्स-ए-पाक 28 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक अकीदत और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। उर्स की तैयारियों, कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं की जानकारी देने के लिए कोरबा में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें दरगाह इंतज़ामिया कमेटी की ओर से उर्स के आयोजन को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।
कमेटी के अनुसार पांच दिवसीय उर्स के दौरान विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 28 सितंबर को परचम कुशाई के साथ उर्स का आगाज होगा। इसी दिन रात में ऑल इंडिया नातिया मुशायरा आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से शायर एवं नातख्वां शामिल होंगे।
29 सितंबर को शाही संदल सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 30 सितंबर को महफिले समा और कव्वाली का आयोजन होगा। वहीं 1 अक्टूबर की रात प्रसिद्ध कव्वालों द्वारा कव्वाली की शानदार महफिल सजाई जाएगी। उर्स के अंतिम दिन 2 अक्टूबर को कुल शरीफ की फातिहा के साथ उर्स-ए-पाक का समापन होगा।
दरगाह इंतज़ामिया कमेटी ने बताया कि उर्स में छत्तीसगढ़ के अलावा देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए जायरीनों की सुविधा, आवागमन, सुरक्षा, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
कमेटी ने बताया कि उर्स के दौरान आने वाले सभी जायरीनों को बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए संबंधित स्तर पर समन्वय किया जा रहा है। उर्स को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।
दरगाह इंतज़ामिया कमेटी के अध्यक्ष हाजी इकबाल हक साहब एवं खजांची फैज़ान अहमद शेबू ने सभी अकीदतमंदों से उर्स-ए-पाक में शामिल होकर फातिहा और दुआ में शरीक होने की अपील की है।
इस अवसर पर कमेटी के सदस्य शेख अब्दुल गफ्फार, हाजी अनवर उल हक, मुशर्रफ भाई, हाजी अब्दुल करीम बेग, अब्दुल शाहनवाज मेमन, जावेद मेमन, सज्जाद कुरैशी खादिम उस्मान खान सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम की मीडिया व्यवस्था की जिम्मेदारी मीडिया प्रभारी शौकत हबीब द्वारा संभाली जा रही है।

लुतरा शरीफ में 28 सितंबर से शुरू होगा 68वां सालाना उर्स-ए-पाक">








