
बिलासपुर:– छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी से पहले किसानों की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के माध्यम से कृषि मंत्री को ज्ञापन सौंपकर धान का समर्थन मूल्य 3,358 रुपये प्रति क्विंटल करने और किसानों को 150 रुपये प्रति क्विंटल की बकाया राशि का भुगतान करने की मांग की।
आम आदमी पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला ने कहा कि धान खरीदी से पहले किसानों की पंजीयन, गिरदावरी और रकबा संशोधन जैसी समस्याओं का समाधान जरूरी है।
ज्ञापन में बायोमेट्रिक अनिवार्यता समाप्त करने, सर्वर और नेटवर्क की समस्याएं दूर करने तथा किसानों की सहमति के बिना रकबे में किसी तरह का संशोधन नहीं करने की मांग भी शामिल है।
प्रियंका शुक्ला ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना चाहिए। यदि सरकार ने मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आम आदमी पार्टी प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में रवि यादव, परदेसी रात्रे, संजय गढ़िवाल, कुणाल खांडे, विवेक यादव, नीलोत्पल शुक्ला, सुभाष बेला और चिंतादेवी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।









