
बिलासपुर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम झलफा में लक्ष्मी विसर्जन के दौरान लड़ाई-झगड़ा और विवाद करने वाले सात लोगों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी सात लोगों को गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया है।
दरअसल, ग्राम झलफा में लक्ष्मी विसर्जन के दौरान कुछ लोगों द्वारा विवाद और अशांति फैलाने की स्थिति निर्मित की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए हिर्री पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा तथा थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा और पीएसआई उषा निषाद के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सात लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की।
कार्रवाई की जद में आए लोगों में हरीश साहू उर्फ मैडी, संदीप साहू, कृषदास मानिकपुरी, विशाल साहू, अमन दास मानिकपुरी, ओमदास मानिकपुरी और नारायण यादव शामिल हैं। सभी ग्राम झलफा के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने सभी सात लोगों को गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया है। वहीं पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
हिर्री पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों, अड्डेबाजी और नशाखोरी के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

लक्ष्मी विसर्जन के दौरान विवाद करने वाले 7 लोगों पर हिर्री पुलिस की कार्रवाई, गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश">






