
बिलासपुर:–; छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर द्वारा 19 नवंबर 2026 को जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बने प्रचंड चक्रवाती तूफान के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक 20 और 21 नवंबर को छत्तीसगढ़ के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की भी संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम में इस बदलाव का असर बिलासपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
वहीं राजधानी रायपुर में 19 नवंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
फिलहाल मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए अगले दो दिन प्रदेशवासियों को मौसम के बदलते मिजाज से सावधान रहने की जरूरत है।







