
बिलासपुर:— ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, हवाला कारोबार और संगठित आर्थिक अपराध के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बड़े वित्तीय नेटवर्क का खुलासा किया है। सिटी कोतवाली थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 229/2026 की जांच के दौरान देश के अलग-अलग राज्यों में सट्टे की रकम के लेन-देन और हवाला के जरिए धन हस्तांतरण के महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर 2026 को की गई तलाशी में करीब 8 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, महंगी घड़ियां, बैंक संबंधी दस्तावेज और महत्वपूर्ण संपत्ति के कागजात बरामद किए गए हैं। पुलिस को लगभग 25 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।
जांच में विदेश, विशेषकर दुबई में संपत्ति अर्जित किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। संबंधित आरोपियों के खिलाफ एलओसी जारी की गई है, वहीं रेड कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
इस मामले में सुनील रोहरा, मनीष रोहरा और जबलपुर निवासी आकाश गोगा के नाम सामने आए हैं।
बिलासपुर पुलिस अब बैंकिंग लेन-देन, संपत्तियों के वास्तविक स्रोत और लाभार्थियों की जांच कर रही है। पुलिस का उद्देश्य केवल सट्टा कारोबार नहीं, बल्कि पूरे संगठित वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करना और अपराध से अर्जित संपत्तियों को कानून के दायरे में लाना है।







