
बिलासपुर :—धान खरीदी के दौरान रकबा शून्य दिखने, कम रकबा दर्ज होने या धान की जगह दूसरी फसल दर्ज होने की समस्या से परेशान किसानों के लिए राहत भरी खबर है। जिला प्रशासन ने इन त्रुटियों को दूर करने के लिए पूरे जिले में विशेष अभियान शुरू किया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व विभाग और सहकारी समितियों का अमला किसानों के रिकॉर्ड दुरुस्त करने में जुटा हुआ है।
इसी कड़ी में पौंसरा और सेमरताल धान उपार्जन केंद्रों के 1 हजार 128 प्रभावित किसानों में से अब तक 810 किसानों की समस्याओं का निराकरण किया जा चुका है। वहीं शेष 318 किसानों के रिकॉर्ड सुधारने की प्रक्रिया जारी है।
पौंसरा केंद्र में 714 प्रभावित किसानों में से 484 किसानों की समस्या दूर कर ली गई है, जबकि सेमरताल में 414 किसानों में से 326 किसानों को राहत मिली है। शेष किसानों का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। प्रशासन का कहना है कि रिकॉर्ड संबंधी त्रुटियों के कारण कोई भी पात्र किसान धान बेचने से वंचित नहीं रहेगा और सुधार कार्य जल्द पूरा किया जाएगा।

धान खरीदी से वंचित नहीं होगा कोई पात्र किसान, रिकॉर्ड सुधारने प्रशासन का विशेष अभियान">






