
सीपत :– समीपवर्ती ग्राम नरगोड़ा में इन दिनों मां काली उत्सव की धूम मची हुई है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शिवसागर चौक में दिवाली के दिन से मां काली की प्रतिमा विधि-विधानपूर्वक विराजित की गई है। शनिवार को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र धीवर, जनपद सदस्य विजय गुप्ता, देव सिंह पोरते, देवी कुर्रे, तथा युकां जिला उपाध्यक्ष राजू सूर्यवंशी मुख्य रूप से शामिल हुए ।
विधायक दिलीप लहरिया ने मां काली के चरणों में नमन करते हुए कहा कि भक्ति से ही समाज में एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। मां काली जैसी शक्तिदायिनी देवी की आराधना हमें बुराइयों के विनाश और सद्भाव के मार्ग पर चलना सिखाती है। गांव के युवा जिस समर्पण और उत्साह से यह आयोजन कर रहे हैं, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र धीवर ने कहा कि नरगोड़ा का काली उत्सव गांव की परंपरा, आस्था और एकता का प्रतीक है। यह आयोजन नई पीढ़ी को हमारी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य कर रहा है, जो प्रशंसनीय है। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका देवी निषाद ने अपने मनमोहक भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
काली उत्सव समिति एवं यंग ग्रुप समिति के तत्वावधान में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु विधिवत पूजा-अर्चना में शामिल हो रहे हैं। गांव में चारों ओर मां काली के भजनों की गूंज से भक्तिमय वातावरण व्याप्त है। समिति सदस्य प्रमित कोरी ने बताया कि यह परंपरा विगत कई वर्षों से निरंतर चल रही है। आयोजन में युवाओं के साथ पूरे ग्रामवासी तन-मन-धन से सहयोग करते हैं। दस दिनों तक चलने वाला यह उत्सव पूरे क्षेत्र में ऊर्जा, एकता और श्रद्धा का प्रतीक बन गया है। सुबह-शाम आरती के समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मां काली के दर्शन और आराधना के लिए आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पूरा गांव तोरण पताकाओं और आकर्षक पांडालों से सजा हुआ है। प्रतिदिन रात्रिकालीन जगराता और जसगीत का आयोजन किया जा रहा है।
आयोजन के सफल संचालन में परमेश्वर श्रीवास, सुरेश जायसवाल सहित दीनू भोई, धनेश भोई, गजेन्द्र केवट, देवचरण साहू, प्रमित कोरी, मणिशंकर साहू, दीपक साहू, रामकृष्ण साहू, आनंद भोई, रवि, आशीष, भुनेश्वर, सूरज और यंग ग्रुप समिति के साथ समस्त ग्रामवासी प्रशंसनीय योगदान दे रहे हैं।








