
*गरियाबंद :-* छेरछेरा पुन्नी पर्व के अवसर पर शनिवार को लोगों ने खुलकर अन्न दान किया।अंचल के सभी गाँवों में बच्चे,युवक,युवतियों में पर्व को लेकर काफी उत्साह नजर आया, जिन्होंने घर-घर जाकर अन्न दान मांगा। इसके लिए सुबह से ही बच्चों की टोलियां निकल पड़ी थीं। उन्होंने पारंपरिक गीत छेरिक छेरा, छेर बरतनीन गाते हुए घर-घर जाकर लोगों से अन्नदान मांगा। सुबह होते ही गांव की गलियों में बच्चों की टोलियां छेर-छेरा… कोठी के धान हेरहेरा… की गुहार लगाते हुए पहुंचती रही। पर्व को लेकर ग्रामीण अंचल के लोगों में पूर्व से ही उत्साह नजर आने लगा था।छेरछेरा मांगने वाले बच्चों में जो उत्साह था,उससे कहीं अधिक उत्साह दान करने वालों में दिखा। जिस घर के भी दरवाजे पर बच्चे पहुंचे, लोगों ने पूरे उल्लास के साथ उन्हें अन्न का दान कर छेरछेरा पर्व की खुशियां बांटी।पर्व के अवसर पर धान की फसल लेने वाले कृषक वर्ग के लोग घर की कोठी में रखे धान को दान कर घर-परिवार की खुशहाली की कामना की।









