
वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर ग्रामीणों में खासा उत्साह, ग्रामवासियों की उपस्थिति में भूमिपूजन कर विधायक रोहित साहू करेंगे कार्य अतिशीघ्र का शुभारंभ
*गरियाबंद:-* क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाई देने के संकल्प के साथ राजिम विधानसभा के विधायक रोहित साहू ने ग्रामीणों को एक बड़ी सौगात दी है। बेलटुकरी से किरवई मार्ग पर बेलटुकरी गायत्री मंदिर से लेकर पंचायत भवन तक (किमी 4/2 से 4/6) बहुप्रतीक्षित सीसी रोड सह नाली निर्माण के लिए शासन ने लगभग 50 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
वर्षों से जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों के लिए यह खबर किसी बड़े सौगात से कम नहीं है। इस स्वीकृति के बाद से ही पूरे गांव में हर्ष का माहौल है और ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों के सालों का इंतजार अब खत्म होगा। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि गायत्री मंदिर से पंचायत भवन तक का मार्ग काफी संकरा और कच्चा होने के कारण बरसात में आवागमन दूभर हो जाता था। नाली न होने से घरों का पानी सड़क पर बहता था। अब सीसी रोड और नाली बनने से यातायात सुगम होगा और गांव में स्वच्छता का स्तर भी सुधरेगा।
विष्णु के सुशासन में निखर रहा ग्रामीण विकास : रोहित साहू
इस स्वीकृति पर हर्ष प्रकट करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र को चरितार्थ कर रही है। राज्य सरकार ने बजट में ग्रामीण अधोसंरचना को प्राथमिकता देते हुए यह सिद्ध कर दिया है कि विकास अब हर द्वार तक धरातल पर उतर रही है। उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के त्वरित निर्णयों और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के कुशल वित्तीय प्रबंधन के कारण ही आज प्रदेश के दूरस्थ अंचलों में करोड़ों के निर्माण कार्य स्वीकृत हो रहे हैं। बेलटुकरी का यह सीसी रोड प्रदेश सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रमाण है, जहाँ गांव के विकास को ही राज्य की प्रगति का पैमाना माना गया है। बेलटुकरी की गलियों में धूल और कीचड़ का दौर अब समाप्त होने वाला है।
जब मैं चुनाव के दौरान आपके बीच आया था, तब मैंने आपकी आंखों में इस सड़क के लिए एक उम्मीद देखी थी। आज उस वादे को पूरा करते हुए मुझे आत्मिक संतोष हो रहा है। हमारा लक्ष्य सड़क बनाने के साथ ही विकास की मुख्यधारा को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। यह 50 लाख रुपए की राशि बेलटुकरी के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। विकास का यह पहिया अब थमेगा नहीं, राजिम विधानसभा का हर गांव अब चमकता नजर आएगा। अब अतिशीघ्र इस विकास कार्य का भूमिपूजन कर कार्य प्रारंभ भी किया जाएगा ताकि आने वाले दिनों में लोगों को इस विकास कार्य का लाभ मिल सके।
शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए विधायक रोहित साहू एवं समस्त ग्रामवासियों ने शासन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की है। ग्रामीण विकास को नई दिशा देने और त्वरित स्वीकृति प्रदान करने हेतु उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का विशेष आभार व्यक्त किया है।









