
बिलासपुर…:–छत्तीसगढ़ में सुशासन को ज़मीन तक पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में 1 मई से “सुशासन तिहार 2026” की शुरुआत होगी। इस अभियान के तहत बिलासपुर जिले में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बड़े स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इस अभियान के तहत जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 73 शिविर लगाए जाएंगे। इनमें नगर निगम क्षेत्रों में 24, नगर पंचायतों में 18 और ग्रामीण इलाकों में 31 शिविर शामिल हैं। इन शिविरों का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर सभी शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
नगर निगम क्षेत्र में 1 मई को वार्ड 1 और 2, जबकि 4 मई को वार्ड 5, 6, 7 और 8 में शिविर आयोजित होंगे। वहीं रतनपुर और तखतपुर नगर पालिका क्षेत्रों में भी अलग-अलग तारीखों में शिविर लगाए जाएंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों की बात करें तो इस अभियान की शुरुआत 1 मई को हरदीकला से होगी, इसके बाद 2 मई को रानीडेरा और 4 मई को मस्तूरी ब्लॉक के सोंठी में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों में आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वास्थ्य सेवाएं और महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं से जुड़ी सेवाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक मामलों का निराकरण मौके पर ही किया जाए।
“सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे पूरी तैयारी के साथ शिविरों में मौजूद रहें और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। आमजन से अपील है कि वे अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर अधिक से अधिक लाभ उठाएं।”

सुशासन तिहार 2026 की शुरुआत 1 मई से, बिलासपुर में लगेंगे 73 समाधान शिविर">








