
रतनपुर….अभावों के बीच रहकर भी कड़ी मेहनत और लगन से सफलता हासिल करने वाले छात्र आकिब अली ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। रतनपुर के प्रतिष्ठित सैय्यद परिवार से ताल्लुक रखने वाले आकिब अली, पिता सैय्यद गुलशेर अली, ने कक्षा 12वीं की परीक्षा में 87 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। खास बात यह है कि उन्होंने गणित विषय में शानदार 97 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद आकिब ने पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखी और अपनी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया। इससे पहले भी उन्होंने कक्षा 10वीं में नगर स्तर पर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी मेधा का परिचय दिया था।आकिब की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
मोरध्वज कला मंच के अध्यक्ष शिव मोहन बघेल, कोषाध्यक्ष सुरेश कौशिक एवं सचिव विनय पांडेय ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।आकिब अली की सफलता उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है,जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने का जज्बा रखते हैं।







