
*गरियाबंद*:- जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और पेयजल संकट के बीच ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जल संसाधन विभाग ने निस्तारी हेतु पुनः नहर से पानी छोड़ने का निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को सिकासार जलाशय से जल प्रवाह बंद कर दिया गया था। इसके बाद क्षेत्र में बढ़ती गर्मी और ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए राजिम विधायक रोहित साहू से चर्चा की गई, जिसके बाद विभाग ने पानी छोड़ने का फैसला लिया।
अब 1 मई 2026 से आगामी एक सप्ताह तक फिंगेश्वर वितरक शाखा नहर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इस व्यवस्था से ग्राम बेलर, बोड़की, जोगीडिपा और पतोरी घोघरा के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही कुछ तालाबों को खेतों के रास्ते पानी पहुंचाकर भरा जाएगा, जिससे जल स्तर में सुधार होगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि नहर का पानी खेतों में जाने से किसी फसल को नुकसान होता है, तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायत की होगी, जल संसाधन विभाग की नहीं।
विभाग ने किसानों और ग्रामीणों से अपील की है कि पानी का उपयोग सोच-समझकर और जरूरत के अनुसार करें, ताकि सभी को इसका लाभ मिल सके।








