
नौतपा के पहले दिन करैहापारा शिविर में हजारों लोगों ने दिए आवेदन, जनप्रतिनिधि भी पहुंचे समस्याएं लेकर
रतनपुर….ऐतिहासिक नगरी रतनपुर के करैहापारा बालक प्राथमिक शाला परिसर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में नौतपा के पहले दिन भीषण गर्मी के बावजूद लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर नागरिक बड़ी संख्या में शिविर में पहुंचे और अपनी शिकायतों व मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच आयोजित इस शिविर में लोगों का उत्साह देखने लायक रहा।
नगर की सड़क, पानी, सफाई, बिजली, आवास, राशन, पेंशन सहित अनेक मूलभूत समस्याओं को लेकर आमजन आवेदन करते नजर आए। भीड़ को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो रतनपुर की हर छोटी-बड़ी समस्या आज एक ही मंच पर पहुंच गई हो।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि कई जनप्रतिनिधि भी अपने वार्डों की समस्याओं से जुड़े आवेदन लेकर पहुंचे। जिन मुद्दों को परिषद की बैठकों में प्रस्ताव के माध्यम से उठाया जा सकता था, वे भी आवेदन प्रक्रिया के जरिए दर्ज कराए गए। इससे नगर में लंबे समय से लंबित समस्याओं की गंभीरता साफ दिखाई दी।सुशासन तिहार शासन की जनसमस्या निवारण पहल के रूप में लोगों के लिए उम्मीद का मंच बनकर सामने आया है।
हालांकि अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि हजारों की संख्या में पहुंचे आवेदनों में से कितनों पर वास्तविक कार्रवाई होगी और समस्याओं का समाधान कितनी तेजी से किया जाएगा।फिलहाल भीषण गर्मी के बीच उमड़ी यह भीड़ इस बात का संकेत है कि रतनपुर में समस्याएं कम नहीं हैं और लोग समाधान की आस में शासन की ओर देख रहे हैं।

भीषण गर्मी में उमड़ा जनसैलाब, सुशासन तिहार में रतनपुर की समस्याओं की खुली पोल">





