
बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल हटाने की मामूली बात ने खूनी झगड़े का रूप ले लिया। इस मामले में पुलिस ने जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक 24 मई की रात करीब 8 बजकर 20 मिनट पर प्रार्थी अयन पाटले मोहम्मद बाजार गया हुआ था। इसी दौरान मोटरसाइकिल हटाने को लेकर कुछ युवकों के साथ उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लोहे के चूड़े से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर उसका भाई अमन पाटले मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में अमन को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर पुलिस और तोरवा थाना की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो चुके थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी।
जांच के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपी निर्मल पासी मध्यप्रदेश के महूरी क्षेत्र में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने देर रात दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरे आरोपी शिवम पासी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल लोहे का चूड़ा भी बरामद किया है। फिलहाल मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

बिलासपुर के तोरवा में मोटरसाइकिल हटाने को लेकर खूनी हमला, 2 आरोपी गिरफ्तार, एमपी से दबोचा गया फरार आरोपी">








