
*गरियाबंद*:- पोड सोसाइटी क्षेत्र में खाद की भारी किल्लत को लेकर किसानों का आक्रोश अब सड़कों पर उतरने जा रहा है। किसानों ने कल पांडुका के चारों धाम चौक में विशाल चक्का जाम आंदोलन करने का ऐलान किया है। आंदोलन में क्षेत्रभर से हजारों किसानों के शामिल होने की संभावना है, जिसे लेकर गांव-गांव में तैयारी तेज हो गई है।

किसानों का कहना है कि खेती-किसानी का समय शुरू हो चुका है, लेकिन सोसायटियों में खाद की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से किसान परेशान हैं। लगातार शिकायत और मांग के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से किसानों में भारी नाराजगी है।
बताया जा रहा है कि पोड सोसाइटी सहित आसपास के कई गांवों से किसान ट्रैक्टर, बाइक और अन्य वाहनों के जरिए पांडुका पहुंचेंगे। चक्का जाम के दौरान बड़ी संख्या में किसानों की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग भी अलर्ट मोड पर है।
किसानों ने साफ कहा है कि जब तक खाद की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। किसानों का आरोप है कि समय पर खाद नहीं मिलने से बोवाई प्रभावित हो रही है और इसका सीधा असर खेती पर पड़ रहा है।
कल होने वाले इस आंदोलन को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा तेज है और इसे खाद संकट के खिलाफ किसानों की बड़ी लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है।

खाद संकट के खिलाफ किसानों का महाआंदोलन कल: पांडुका के चारों धाम चौक में होगा चक्का जाम, क्षेत्र के हजारों किसानों होंगे शामिल">







