
बिलासपुर:— अमान अंसारी वेलफेयर फाउंडेशन एवं महाराणा प्रताप चौक के व्यापारियों द्वारा प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर फ्लाईओवर के नीचे जनसुविधाओं के विकास की मांग की गई है। ज्ञापन में क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए यात्रियों, स्थानीय नागरिकों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से फ्लाईओवर के नीचे सार्वजनिक शौचालय निर्माण, शीतल पेयजल की स्थायी व्यवस्था तथा ऑटो चालकों एवं यात्रियों की सुविधा के लिए स्थायी ऑटो पार्किंग बनाए जाने की मांग की गई है। साथ ही फ्लाईओवर के नीचे उपलब्ध खाली क्षेत्र का जनहित में सुनियोजित उपयोग सुनिश्चित करने का आग्रह भी प्रशासन से किया गया है।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि महाराणा प्रताप चौक शहर का व्यस्ततम क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण नागरिकों, यात्रियों और पुलिसकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में प्रशासन से मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में जनसुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है। ज्ञापन पर फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं।
अमान अंसारी वेलफेयर फाउंडेशन ने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रशासन जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक पहल करेगा, जिससे क्षेत्र के व्यापारियों, यात्रियों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।








