
बिलासपुर;— बिलासपुर प्रेस क्लब द्वारा शुक्रवार को राघवेंद्र राव सभा भवन स्थित प्रेस क्लब परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। हाल ही में प्रेस क्लब से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों के परिवारों में हुए दुःखद निधन पर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ पत्रकार रुद्राक्ष गोस्वामी के पिता स्वर्गीय डॉ. लखन गिरी गोस्वामी, वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश मदने की बहन स्वर्गीय गीता मदने, वरिष्ठ पत्रकार असद पप्पी जुँजानी की माता मरहूम सादिका इफ्तेखार तथा वरिष्ठ पत्रकार राजा (सुलेमान) खान की माता मरहूम राज बी. बेगम के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों एवं प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि दिवंगतजनों का जीवन समाज और परिवार के लिए प्रेरणादायी रहा है तथा उनकी स्मृतियां सदैव लोगों के हृदय में जीवित रहेंगी।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब के सचिव संदीप करिहार, कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, पूर्व अध्यक्ष तिलकराज सलूजा, पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र गहवई, सह-सचिव हरिकिशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा का समापन दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए किया गया। प्रेस क्लब परिवार ने इस दुःख की घड़ी में संबंधित परिवारों के साथ खड़े रहने का संकल्प भी व्यक्त किया।







