
*गरियाबंद*:- जिला प्रशासन के तत्वावधान में आज ऑक्शन हॉल में बेरोजगार युवा/युवतियों एवं स्कूल और काॅलेज के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय भव्य करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के कलेक्टर बी.एस. उईके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, वनमंडलाधिकारी शशिगानंद, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन, अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर तथा डीएसपी गरिमा दादर और जिला वन अधिकारी (डीएफओ) ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत किए। अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। काफी संख्या में छात्र-छात्राएं अपने सुनहरे भविष्य की राह चुनने के लिए एकत्रित हुए।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शर्टकट नहीं होता। उन्होंने छात्रों को समय प्रबंधन (टाइम मैनेजमेंट) का महत्व समझाया। कलेक्टर ने कहा, अपनी रुचि के अनुसार करियर का चुनाव करें। एक बार लक्ष्य निर्धारित होने के बाद, सोशल मीडिया और अन्य भटकाव वाली चीजों से दूर रहकर पूरी एकाग्रता से पढ़ाई करें।
पुलिस अधीक्षक ने युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए अनुशासन सबसे जरूरी है। उन्होंने खाकी और सिविल सर्विसेज में आने की इच्छा रखने वाले छात्रों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहने की सलाह दी। एसपी ने कहा, असफलता से डरें नहीं, बल्कि उससे सीखकर दोगुनी ताकत से प्रयास करें।
सेमिनार के अंतिम चरण में एक खुला संवाद (ओपन सेशन) आयोजित हुआ। इसमें विद्यार्थियों ने अधिकारियों से सीधे सवाल पूछे। छात्रों ने तनाव से कैसे निपटने और तैयारी कब शुरू करें, जैसे सवाल किए, जिनका अधिकारियों ने बेहद सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के साथ जवाब देकर उनकी शंकाओं को दूर किया।








