
15 अगस्त से पहले अवैध शराब पर वार, आबकारी टीम ने चलाया ताबड़तोड़ अभियान”
बिलासपुर:— 15 अगस्त 2026 को प्रस्तावित शुष्क दिवस के मद्देनजर बिलासपुर जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त छत्तीसगढ़ रायपुर पी.एस. एल्मा के निर्देश तथा कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में आबकारी टीम ने 14 अगस्त को अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 345.5 लीटर अवैध कच्ची महुआ मदिरा बरामद की।
सीपत में 310 लीटर शराब, दो आरोपी गिरफ्तार
जिला स्तरीय उड़नदस्ता ने सीपत थाना क्षेत्र के नहरपारा में कार्रवाई करते हुए सूरज वर्मा (30) के आधिपत्य से 150 लीटर तथा निलेश खरे (25) के आधिपत्य से 160 लीटर अवैध कच्ची महुआ मदिरा बरामद की। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
कोटा में 18.5 लीटर, बिल्हा-सिरगिट्टी में 17 लीटर जब्त
वृत्त प्रभारी कोटा ने गोबरीपाट निवासी संजय कुमार पात्रे के कब्जे से 18.5 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की। वहीं वृत्त बिल्हा प्रभारी की टीम ने खम्हारडीह निवासी कमल नेताम से 8 लीटर और डडहा निवासी रमशीला धुरी से 9 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
कार्रवाई में जिला स्तरीय उड़नदस्ता प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी विशेश्वर साव, वृत्त बिल्हा प्रभारी छबि लाल पटेल, वृत्त तखतपुर प्रभारी धर्मेन्द्र शुक्ला, वृत्त कोटा प्रभारी भूपेन्द्र जामडे, वृत्त सीपत प्रभारी तेलेस्फोर एक्का सहित हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।








