
कोटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी का सामान खरीदने वाली महिला भी गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त
रतनपुर….कोटा बाकीघाट स्थित गोयल क्रेशर उद्योग में हुई चोरी का कोटा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी का सामान खरीदने वाली एक महिला को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई संपत्ति का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोटा शशिकांत भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
रात के अंधेरे में क्रेशर मिल को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार रतनपुर निवासी राजकुमार पिता मुरारी लाल गोयल ने 11 अगस्त 2026 को थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त की रात बाकीघाट स्थित गोयल क्रेशर उद्योग में अज्ञात चोरों ने घुसकर क्रेशर मशीनरी से जुड़े महत्वपूर्ण सामान चोरी कर लिए।चोरी गए सामान में एक जैपलेट, एक रोलर, एक क्रेशर शाफ्ट, एक जाली शाफ्ट, एक जाली, एक टाइगर प्लेट, दो जाली कवरिंग, एक साइट प्लेट सहित अन्य छोटे सामान शामिल थे। चोरी की संपत्ति की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई।शिकायत के आधार पर थाना कोटा में अपराध क्रमांक 649/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए), 317, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV फुटेज और पूछताछ से मिला सुराग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों से पूछताछ की गई।जांच के दौरान पुलिस को मिले सुराग के आधार पर रंजीत शिकारी पिता भरत शिकारी, उम्र 25 वर्ष और अमृत शिकारी पिता रामायण शिकारी, उम्र 40 वर्ष, दोनों निवासी बाकीघाट, सोनवानी तालाब के पास, कोटा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर क्रेशर मिल में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी का सामान मालती मानिकपुरी पति कलेश राम मानिकपुरी, उम्र 50 वर्ष, निवासी मौहारखार, कोटा को बेचने की बात भी बताई।
चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई संपत्ति का पूरा माल बरामद कर लिया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस अब मामले में आरोपियों के अन्य संभावित साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
चोरी की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा करने पर कोटा पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोटा शशिकांत भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक शिव कुमार साहू, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक 1356 संजय श्याम एवं आरक्षक 1040 विनोद यादव का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा।









