ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
बिलासपुर:—जिले में ‘चेतना विरुद्ध नशा’ और ‘प्रहार अभियान’ के तहत अपराधियों पर कड़ा शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS) के कड़े निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए कोटा थाना पुलिस ने शासकीय प्राथमिक शाला कुवारीमुड़ा में हुई चोरी की घटना का त्वरित खुलासा कर एक ‘विधि से संघर्षरत बालक’ (नाबालिग) को पुलिस सुरक्षा में लिया है। आरोपी की निशानदेही पर अन्य मामले में चोरी की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
क्या है पूरा मामला?
दिनांक 27 अगस्त 2026 को प्रार्थिया आराधना पटेल ने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शासकीय प्राथमिक शाला कुवारीमुड़ा के स्कूल कार्यालय का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने मध्याह्न भोजन के लिए रखी 2 बोरी चावल (लगभग 1 क्विंटल) और भोजन पकाने के बर्तन (थाली, डेकची, गंजा आदि) कुल कीमत लगभग ₹8,000 की चोरी कर ली है। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 716/2026, धारा 331(4), 305(ए) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की मुस्तैदी और घेराबंदी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में कोटा पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम कुवारीमुड़ा में दबिश देकर एक संदिग्ध नाबालिग को हिरासत में लिया गया।
सख्ती से पूछताछ करने पर नाबालिग ने प्राथमिक शाला में चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया। इसके साथ ही उसने एक अन्य चोरी की घटना में शामिल होकर 01 अदद मोटरसाइकिल चुराने की बात भी स्वीकार की।
बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया
मामला अजमानतीय होने के कारण विधि से संघर्षरत बालक को विधिवत कार्रवाई के बाद बाल संप्रेक्षण गृह बिलासपुर भेज दिया गया है।
इस पूरी त्वरित व प्रभावी कार्रवाई में कार्यवाहक उप-निरीक्षक टीकाराम निषाद, प्रधान आरक्षक उमाशंकर राठौर (क्र. 195) एवं थाना कोटा स्टाफ की सराहनीय व विशेष भूमिका रही।








