
घर से एक दिन पहले निकले थे बबलू खैरवार, मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्पष्ट
रतनपुर… नगर के सांधीपारा वार्ड नंबर 7 के पास मुख्य मार्ग स्थित पुल के नीचे एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रामेश्वर उर्फ बबलू खैरवार, पिता मोहन खैरवार, निवासी सांधीपारा वार्ड नंबर 7, रतनपुर के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, बबलू खैरवार एक दिन पहले अपने घर से निकले थे। इसके बाद उनका शव सांधीपारा के पास मुख्य मार्ग स्थित पुल के नीचे मिला। शव मिलने की सूचना पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
शराब सेवन की बात सामने आई, मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक के शराब सेवन करने की बात सामने आई है और आशंका जताई जा रही है कि घटना के समय वह नशे में रहे होंगे। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
परिवार में पसरा मातम
बताया गया कि बबलू खैरवार अपने पीछे पत्नी, मां और चार बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल है। उनके बेटे की शादी हो चुकी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।फिलहाल रतनपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

रतनपुर के सांधीपारा में पुल के नीचे मिला 50 वर्षीय व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस">








