
बिलासपुर:— शहर की बिजली व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नेहरू नगर बिजली विभाग के फ्यूज कॉल सेंटर में कथित तौर पर ड्यूटी के दौरान सोते दिखे कार्यरत कर्मचारियों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और शिकायतों के त्वरित निराकरण को लेकर लोगों ने सवाल खड़े किए हैं।
मामला दीनदयाल कॉलोनी का बताया जा रहा है, जहां रात करीब 1 बजे से सुबह 6 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। उमस और गर्मी के बीच कई घंटों तक बिजली बंद रहने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली बंद होने की शिकायत फ्यूज कॉल सेंटर में दर्ज कराने के बावजूद कर्मचारियों के मौके पर पहुंचने में कई घंटे लग जाते हैं। लोगों का कहना है कि गर्मी के दिनों में भी क्षेत्र में कई बार लंबे समय तक बिजली कटौती की समस्या सामने आती रही है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
इसी दौरान कुछ लोगों ने नेहरू नगर स्थित फ्यूज कॉल सेंटर का वीडियो बनाया, जिसमें कर्मचारी सोते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का सवाल है कि जब उपभोक्ता रातभर बिजली कटौती से परेशान थे, तब शिकायतों के निराकरण की जिम्मेदारी संभालने वाले कर्मचारी किस स्थिति में ड्यूटी कर रहे थे।
अधिकारी ने दिए जांच के निर्देश
मामले को लेकर नेहरू नगर बिजली विभाग के कार्यपालन यंत्री बीबी नेताम ने जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित कर्मचारी ठेकेदार के अधीन कार्यरत हैं और मामले की जांच के लिए एई को जिम्मेदारी दी गई है।
अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे कर्मचारी वास्तव में ड्यूटी के दौरान सो रहे थे या नहीं और दीनदयाल कॉलोनी में घंटों बिजली बंद रहने की वास्तविक वजह क्या थी।

जनता गर्मी में बेहाल, कर्मचारी नींद में मशगूल: फ्यूज कॉल सेंटर का वायरल वीडियो खोल रहा पोल">







