
बिलासपुर:— तोरवा थाना क्षेत्र में मारपीट, गाली-गलौच और धारदार हथियार से विवाद के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ तोरवा थाने में चाकूबाजी से संबंधित प्रकरण दर्ज था। पुलिस लगातार उसकी पतासाजी में जुटी हुई थी, जिसके बाद 4 सितंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलशन हण्डलेश्कर (22 वर्ष), पिता राजेन्द्र हण्डलेश्कर, निवासी एनी कॉलोनी, तोरवा, बिलासपुर के रूप में हुई है।
वैशाली अपार्टमेंट में हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को वैशाली अपार्टमेंट में कुछ युवकों के बीच मारपीट, गाली-गलौच और धारदार चाकू लेकर विवाद करने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में कार्रवाई शुरू की।
प्रकरण में संलिप्त आरोपी वरुण एवं अमन हठगेन को पुलिस ने 30 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया था।
फरार आरोपी की लगातार की जा रही थी तलाश
इसी मामले से जुड़े एक अन्य प्रकरण में आरोपी गुलशन हण्डलेश्कर फरार चल रहा था। पुलिस टीम द्वारा उसकी लगातार तलाश और पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को 4 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
तारबहार थाने के मामले में भी था फरार
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी गुलशन हण्डलेश्कर थाना तारबहार के अपराध क्रमांक 306/2026 में भी फरार चल रहा था। इस मामले में उसके खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 324(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज है। उक्त प्रकरण में भी आरोपी की गिरफ्तारी दर्ज की गई है।
तोरवा पुलिस द्वारा मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश और पतासाजी लगातार जारी है।









