
बिलासपुर /मस्तूरी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मान एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुविभागीय अधिकारी मस्तूरी शिव कुमार कंवर तथा विशिष्ट अतिथि तहसीलदार मस्तूरी लखेश्वर किरण मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत किरारी के सरपंच प्रतिनिधि तामेश सिंह ठाकुर ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यालय के भैया-बहनों ने वंदना, स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का अभिनंदन किया।
अतिथियों ने शिक्षक दिवस के महत्व पर अपने विचार रखते हुए शिक्षकों को राष्ट्र और समाज निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ संस्कार और अनुशासन पर आधारित शिक्षा की सराहना की।
समारोह के दौरान विद्यालय के भैया-बहनों एवं समिति सदस्यों द्वारा आचार्य परिवार को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं सरस्वती बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह चंदेल ने कक्षा पांचवीं, आठवीं, दसवीं और बारहवीं के टॉप-9 एवं टॉप-10 विद्यार्थियों को नगद राशि देकर सम्मानित किया। साथ ही विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी प्रोत्साहन स्वरूप नगद राशि भेंट की गई।
इस अवसर पर जनपद सदस्य देवेंद्र कृष्णन, समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यगण सहित अनेक आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन कक्षा बारहवीं के भैया आर्यन बेन ने किया।
विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार पाण्डेय सहित सभी आचार्यगण और अभ्यागतों की मौजूदगी से समारोह और भी गरिमामय रहा।
कार्यक्रम का समापन “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” मंत्र के साथ किया गया।








