ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
बिलासपुर:— जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अरपा बैराज के पचरी घाट क्षेत्र में अवैध रूप से देशी शराब बिक्री करते दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 36 पाव देशी प्लेन शराब, कुल 6.480 बल्क लीटर, जिसकी कीमत करीब 3,100 रुपये बताई गई है, बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, बिलासपुर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक देवेश सिंह राठौर ने नशे के कारोबारियों की पतासाजी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
5 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अरपा बैराज पचरी घाट के पास दो व्यक्ति स्कूटी क्रमांक CG 10/BV 1079 में देशी शराब रखकर बिक्री कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी।
मौके पर पुलिस ने समीर यादव (19 वर्ष) और राज कुमार यादव (26 वर्ष) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 36 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया।
आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की। दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।








