
बिलासपुर :—बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर एक्टिवा स्कूटी चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की स्कूटी को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से करीब 70 हजार रुपए कीमत की एक्टिवा बरामद की गई है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के जोरापारा चौबे कॉलोनी अटल आवास का है। पुलिस के अनुसार प्रार्थिया प्रीति यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 अगस्त की रात से 7 सितंबर की सुबह के बीच अज्ञात चोर ने मकान के गेट और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर खड़ी नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी चोरी कर ली।
रिपोर्ट के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 1301/2026 के तहत BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि इमलीभाठा निवासी कान्हा पटेल चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी सुमित ठाकुर से स्कूटी मिलने और पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट निकालकर फेंकने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर इमलीभाठा स्थित बाम्बे आवास के नीचे छिपाकर रखी एक्टिवा बरामद की गई।
पुलिस ने सशक्त ऐप के माध्यम से वाहन की पहचान सुनिश्चित कर उसे जब्त किया। गिरफ्तार आरोपी कान्हा पटेल की उम्र 19 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है। वहीं मामले के सह-आरोपी की तलाश जारी है।









