
बिलासपुर :—बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में अवैध शराबखोरी और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने झोपड़ीनुमा दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने का साधन उपलब्ध कराने वाले 4 आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(सी) के तहत कार्रवाई की। वहीं, तीज और आगामी गणेश चतुर्थी त्योहार को देखते हुए कुल 7 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
सरकंडा पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री, परिवहन और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आदित्य कुमार पाण्डेय, राहुल जायसवाल, घनश्याम सोनी और गुड्डू सिंह के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(सी) के तहत कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही पुलिस ने तीज त्योहार और आगामी गणेश चतुर्थी पर्व को ध्यान में रखते हुए शिवा मरकाम उर्फ सेवक, दीपक यादव उर्फ दाऊ, आदित्य कुमार पाण्डेय, टेकचंद श्रीवास, गुड्डू सिंह, धनेश कुमार जायसवाल और सीताराम वर्मा सहित कुल 7 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
सरकंडा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, अड्डेबाजी और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









