
नारायणपुर:- पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्या चंद्राकर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नारायणपुर अजय सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोहकामेटा विनोद पासवान के नेतृत्व में नारायणपुर पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के निर्माण एवं रखने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
दिनांक 22.09.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम किहकाड़ के जयराम पोयाम उर्फ करवो एवं उसका भाई रामू पोयाम अवैध रूप से भरमार बंदूक का निर्माण कर अपने पास रखे हुए हैं।
सूचना की तस्दीक हेतु थाना प्रभारी कोहकामेटा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा ग्राम किहकाड़ पहुंचकर संदिग्ध जयराम पोयाम के घर की घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। पूछताछ में जयराम पोयाम द्वारा अपने भाई रामू पोयाम के साथ मिलकर अवैध रूप से भरमार बंदूक बनाना स्वीकार किया गया।
पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार एवं हथियार निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद कर विधिवत जब्त की गई। मामले में थाना कोहकामेटा में अपराध क्रमांक 08/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी जयराम पोयाम उर्फ करवो, पिता सिधराय पोयाम, उम्र 45 वर्ष, निवासी किहकाड़, थाना कोहकामेटा एवं रामू पोयाम, पिता सिधराय पोयाम, उम्र 21 वर्ष, निवासी किहकाड़, थाना कोहकामेटा को दिनांक 22.09.2026 को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है
नारायणपुर पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के निर्माण, संग्रहण एवं उपयोग के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है।









