
बिलासपुर:– हिर्री थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम सरसेनी में एक घर-दुकान से भारी मात्रा में देशी प्लेन शराब जब्त की है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सरसेनी निवासी गोविंदा कुमार नायक अपने घर-दुकान में अवैध रूप से शराब रखे हुए है। सूचना के आधार पर हिर्री पुलिस की टीम ने गवाहों और स्टाफ के साथ मौके पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान एक काले-लाल रंग के कपड़े के थैले से 57 नग देशी प्लेन मदिरा, प्रत्येक 180 एमएल की प्लास्टिक शीशी में, बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 10.260 लीटर और अनुमानित कीमत 4,560 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी गोविंदा कुमार नायक, उम्र 23 वर्ष, निवासी सरसेनी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश और हिर्री थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









