
कोटा/बिलासपुर:— सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित भाषण प्रतियोगिता में विकासखंड कोटा के ग्राम कुरुवार स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के कक्षा सातवीं के प्रतिभावान छात्र अनिमेष साहू (कान्हा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपने गाँव, विद्यालय और संकुल का गौरव बढ़ाया है।
अनिमेष ने प्रतियोगिता के प्रत्येक चरण में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सर्वप्रथम संकुल केंद्र उपका स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में उसने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके बाद विकासखंड स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में भी अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विकासखंड स्तर पर प्रथम आने के बाद अनिमेष का चयन जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता के लिए हुआ।
जिला स्तर पर बिलासपुर जिले के विभिन्न विकासखंडों से चयनित प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अनिमेष ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपना भाषण प्रस्तुत किया। उसकी ओजपूर्ण वाणी, विषय की स्पष्ट समझ, प्रभावशाली अभिव्यक्ति और मंच पर आत्मविश्वास ने निर्णायकों को प्रभावित किया और उसने जिला स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
अनिमेष की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बिलासपुर विधानसभा के वरिष्ठ विधायक मा. अमर अग्रवाल जी, बेलतरा विधानसभा के विधायक मा. सुशांत शुक्ला जी एवं बिलासपुर जिला कलेक्टर मा. संजय अग्रवाल जी द्वारा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला स्तर के मंच पर सम्मान प्राप्त करना छात्र के साथ-साथ उसके विद्यालय और ग्राम के लिए भी गौरव का क्षण रहा।
अनिमेष की सफलता के पीछे शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कुरुवार के प्रधान पाठक श्री शैलेश कुमार पैकरा जी के निरंतर मार्गदर्शन और मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रधान पाठक द्वारा छात्र को भाषण की नियमित तैयारी, विषय की समझ, उच्चारण, प्रस्तुति एवं मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने का लगातार अभ्यास कराया गया। प्रधान पाठक के मार्गदर्शन और छात्र की लगन एवं मेहनत का परिणाम रहा कि अनिमेष ने पहले संकुल, फिर विकासखंड और अंततः जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अनिमेष की इस सफलता से शाला परिवार, संकुल केंद्र उपका के शिक्षकगण, पालकों एवं ग्रामवासियों में हर्ष का माहौल है। सभी ने छात्र को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
अनिमेष की यह उपलब्धि ग्रामीण अंचल के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है। उसने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी शहर की मोहताज नहीं होती; उचित मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ आत्मविश्वास के बल पर गाँव का विद्यार्थी भी जिले के मंच पर अपनी पहचान बना सकता है।








