
बिलासपुर:— बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से संभावित भारी बारिश को देखते हुए बिलासपुर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी स्कूलों में 29 अक्टूबर, गुरुवार को अवकाश घोषित किया गया है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी शासकीय और अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 29 अक्टूबर को छुट्टी रहेगी।
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के आधार पर संभावित अतिवृष्टि और प्रतिकूल मौसम की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह एहतियाती कदम उठाया है। इसका उद्देश्य बच्चों को स्कूल आने-जाने के दौरान होने वाली संभावित परेशानियों से बचाना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
फिलहाल, मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।







