
बिलासपुर :—जिले के ग्राम कुरेली स्थित विद्युत सब स्टेशन में ऑपरेटर अमन साहू की करंट की चपेट में आने से हुई मौत के बाद उपजे आक्रोश के बीच हिर्री पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद कुछ लोगों द्वारा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। सभी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई की जद में आए व्यक्तियों में दीपक कौशिक, शुभम कौशिक, सत्यम कौशिक, उमाशंकर कौशिक, आयुष कौशिक, ओमप्रकाश कौशिक और ललित कुमार कौशिक शामिल हैं। सभी ग्राम कुरेली के निवासी बताए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा तथा थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा एवं पीएसआई उषा निषाद के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित लोगों को सख्त हिदायत भी दी है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या सार्वजनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। हिर्री पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

कुरेली सब स्टेशन हादसे के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में 7 गिरफ्तार">







