
बिलासपुर :—जिले में फरार स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बिल्हा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे पांच स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पकड़े गए आरोपियों में हत्या और विद्युत अधिनियम से संबंधित प्रकरणों के आरोपी भी शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में ऑपरेशन बाज चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी थाना और चौकी प्रभारियों को लंबित स्थायी वारंटों की तामिली के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिल्हा ने विशेष टीम गठित कर फरार वारंटियों की तलाश शुरू की थी।
पुलिस टीम ने सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए पांच स्थायी वारंटियों का पता लगाया और उन्हें हिरासत में लेकर 2 नवंबर 2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
पकड़े गए वारंटियों में परमेश्वर यादव (35 वर्ष), निवासी सारधा थाना चकरभाठा, लक्ष्मीनारायण जोशी (22 वर्ष), निवासी बरतोरी थाना बिल्हा, मिलन प्रसाद (45 वर्ष), निवासी बिटकुली थाना बिल्हा, नारायण राजपूत (20 वर्ष), निवासी उमरिया थाना बिल्हा तथा संतोष डहरिया (32 वर्ष), निवासी दौना थाना पथरिया जिला मुंगेली शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन बाज के तहत थाना बिल्हा पुलिस अब तक पिछले तीन सप्ताह में कुल 19 स्थायी वारंटों की तामिली कर चुकी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार वारंटियों की तलाश और वारंट तामिली का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अजय साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक योगिता साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश बंजारे सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ऑपरेशन बाज के तहत बिल्हा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 स्थायी वारंटी गिरफ्तार.तीन सप्ताह में 19 स्थायी वारंटों की तामिली, लंबे समय से फरार आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा">







