
बिलासपुर:— आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों और सहकारी समितियों के बेहतर संचालन को लेकर बुधवार को देवकीनंदन सभागृह में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। सहकारिता विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में बिलासपुर और मुंगेली जिले की 200 सहकारी समितियों के प्रबंधकों एवं पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
कार्यशाला का शुभारंभ संभागायुक्त सुनील जैन और कलेक्टर संजय अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान संभागायुक्त सुनील जैन ने कहा कि सहकारिता और लोकतंत्र एक-दूसरे के पूरक हैं और दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।
उन्होंने समितियों के कामकाज में पारदर्शिता लाने के लिए पैक्स कंप्यूटरीकरण को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही आगामी धान खरीदी के दौरान कर्मचारियों की जिम्मेदारी स्पष्ट तय करने पर जोर दिया।
वहीं कलेक्टर संजय अग्रवाल ने धान खरीदी केंद्रों की लगातार निगरानी करने और खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सहकारी खेती, जैव उर्वरक, बायोगैस और वित्तीय प्रबंधन जैसे विषयों पर भी जानकारी दी।
कार्यशाला में विभागीय अधिकारियों और तीन मास्टर ट्रेनरों ने सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक प्रशिक्षण दिया। इसमें पैक्स कंप्यूटरीकरण, धान खरीदी और समिति प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

सहकारिता में लोकतंत्र और पारदर्शिता पर जोर, धान खरीदी की तैयारियों को लेकर 200 समितियों के प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण">








